Skip to main content

तेज़ाब (ACID)

ये मेरे चेहरे पर
जो जलने का निशान हैं
दरअसल आईना है 
तुम्हारी बुज़दिली की पहचान हैं
तुम सोचते थे कि मैं
जली पहचान लेकर कहीं छुप जाऊँगी
ये चेहरा मेरी जीत है
मैं सारी दुनिया को दिखलाऊँगी
देखो मेरे इस चेहरे को
क्यूं? नहीं कर पा रहे हो सहन
कभी रोती हुई माँ दिखती है इसमें
कभी थूकती हुई बहन?
तो, तुम मुझे देखो...
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हारी कमजोरी का इश्तहार हूं
तुम मुझे देखो कि...
मैं अभी तक तुम्हारी हार हूं
तुम मुझे देखो कि...
जब तुमने मुझसे इज़हार किया था
तुम मुझे देखो कि...
क्यूं मैंने तुम्हें इनकार किया था
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हारी माँ तुम्हें पैदा करके पछता रही है
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हें अपनी सबसे बड़ी भूल बता रही है
तुम मुझे देखो कि...
मैं तुम्हारी लम्बी उम्र की दुहाई दूं
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हें तुम्हारी बेटी में मैं ही मैं दिखाई दूं
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हारी बहन डर रही है तुम्हारी बुरी नज़र से
तुम मुझे देखो कि...
तुम गलने लगे हो अपने ही ज़हर से
तुम मुझे देखो कि...
मर्द वो है जो इनकार भी सर-आंखों पे लेगा
तुम मुझे देखो कि...
जिससे मुहब्बत की, उससे नफरत कैसे करेगा
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हारी हार अबतक ज़िन्दा खड़ी है
तुम मुझे देखो कि...
तुम्हारी मर्दानगी मेरे पैरों में पड़ी है
ये मेरे चेहरे पर
जो जलने का निशान हैं
दरअसल आईना है
तुम्हारी नामर्दी की पहचान हैं

Comments

Popular posts from this blog

मेरी सूरत से वो इस क़दर डरता है. कि न आइना देखता है, न संवरता है. गवाह हैं उसके पलकों पे मेरे आंसू, वो अब भी याद मुझे करता है. दूर जाकर भी भाग नहीं सकता मुझसे, अक्सर अपने दिल में मुझे ढूँढा करता है. ख़ामोश कब रहा है वो मुझसे, तन्हाई में मुझसे ही बातें करता है. मेरी मौजूदगी का एहसास उसे पल पल है, बाहों में ख़ुद को यूँही नहीं भरता है. मेरे लम्स में लिपटे अपने हाथों में, चाँद सी सूरत को थामा करता है. जी लेगा वो मेरे बिन फ़कीर, सोचकर, कितनी बार वो मरता है.
हैं ग़लत भी और जाना रूठ भी सच तभी तो लग रहा है झूठ भी बोझ कब माँ –बाप हैं औलाद पर घोंसला थामे खड़ा है ठूंठ भी खींचना ही टूटने की थी वजह इश्क़ चाहे है ज़रा सी छूट भी दे ज़हर उसने मुझे कुछ यूं कहा प्यास पर भारी है बस इक घूँट भी

फेसबुक : चेहरों की किताब

ख़ुद एक चेहरे पर चढाये हज़ार चेहरे. अजनबी तहें खंगालने को बेकरार चेहरे. नंगे होने से जो कतराते हैं, हर वक़्त मुखौटों के तलबगार चेहरे. तेरे मेरे उसके शुमार - बेशुमार चेहरे, साथ हैं कुछ, कुछ दरकिनार चेहरे. काले गोरे सस्ते मंहगे हासिल मुश्किल चेहरों के है ‘खुले बाज़ार’ चेहरे. और हो गया तन्हा इनसे मिलके, तन्हाई की गिरफ़्त में हैं गिरफ़्तार चेहरे. जाने - पहचाने अजनबी से हैं कुछ, मकान -ए- दिल तोड़कर हुए बेज़ार चेहरे. सवालों से कभी नंगी तलवार चेहरे, और कभी जवाबों से मझधार चेहरे. जाने फिर क्यूँ ये खुशफहमी है, छिपे हैं इनमें ही पतवार चेहरे. चलो इसके बहाने वो क़रीब तो आये, बाबदन फासलों से दो लाचार चेहरे. इन्हीं किताबी चेहरों की है इक किताब, तिलस्मी चेहरे दर्ज हैं जिसमें बेहिसाब. उम्मीद की जो इक लौ जलाता है, लापता चेहरों का पता ढूंढ कर लाता है......